
देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले की थराली तहसील के ग्राम रतगाँव के निवासी राहुल फरस्वाण भारतीय सेना में अधिकारी बन गए हैं। उन्होंने बीते शनिवार को चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) से पासिंग आउट परेड के साथ अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया और लेफ्टिनेंट के रूप में भारतीय सेना में शामिल हुए। राहुल की इस उपलब्धि से उनके गांव रतगाँव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
एक साधारण किसान परिवार से आने वाले राहुल फरस्वाण ने कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के संघर्ष, मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया है।
राहुल की प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल से हुई, जबकि उच्च शिक्षा उन्होंने डी.ए.वी. पीजी कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना देखा और उसी दिशा में निरंतर मेहनत करते रहे।

राहुल ने बताया कि उनके पिता का करीब छह महीने पहले निधन हो गया था। उनके स्वर्गीय पिता ग्राम रतगाँव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी माता ने संभाली। खेती-किसानी के साथ-साथ उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राहुल के बड़े भाई शिक्षक हैं, जबकि उनकी बहन होटल इंडस्ट्री में कार्यरत हैं। राहुल का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने की प्रेरणा उन्हें अपने माता-पिता से ही मिली।
अपने पिता के सपनों को पूरा करने पर आज पूरा परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। भले ही उनके पिता आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा परिवार के साथ रहेगा। राहुल फरस्वाण की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

किसान के बेटे राहुल फरस्वाण बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर">



















